More
    Homeदेशदिल्ली में सताएगी गर्मी, सौराष्ट्र-कच्छ में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानें...

    दिल्ली में सताएगी गर्मी, सौराष्ट्र-कच्छ में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानें यूपी समेत अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

    मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। इसी वजह से देश के पश्चिमी राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। सोमवार को गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में जमकर बारिश होने के आसार हैं।

    मौसम विभाग ने गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र में सोमवार (29 सितंबर) को भारी बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी की तरफ से इन दोनों जगहों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकतर हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना बेहद कम है। नागपुर और आसपास के हिस्सों में भी मौसम साफ रहेगा। आईएमडी ने केरल के तटीय इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल समेत उत्तर भारतीय हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।

    देश से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। जम्मू कश्मीर, पंजाब और उत्तराखंड से मानसून वापस भी जा चुका है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून लौट चुका है। 15 अक्टूबर तक पूरे देश से मानसून के वापस लौटने के आसार हैं। इसके बाद ठंड का मौसम दस्तक दे सकता है।

    दिल्ली का हाल
    दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 4.9 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने दिल्ली में सोमवार को आसमान साफ ​​रहने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में रविवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 131 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

    अन्य राज्यों का हाल
    मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश समेत देश के अधिकतर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज बारिश हो सकती है, लेकिन नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी होनी की आशंका नहीं है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम और सिक्किम के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
    मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर को कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश जारी रह सकती है। इन दोनों जगहों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर भारत में मौसम साफ रहने के आसार हैं। अन्य राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दो अक्टूबर को उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों में देश के अधिकतर राज्यों में बारिश कम होने के आसार हैं। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से उत्तर भारत में तापमान में कमी आ सकती है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Must Read

    spot_img