More
    Homeदेशतेलंगाना-महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, ओडिशा, केरल और आंध्र प्रदेश में...

    तेलंगाना-महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, ओडिशा, केरल और आंध्र प्रदेश में भी IMD का अलर्ट

    तेलंगाना में भारी बारिश के चलते हिमायत सागर के 11 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं, उस्मान सागर के 15 गेट खोल दिए गए हैं। ओडिशा, महाराष्ट्र में भी बारिश का अलर्ट है।

    तेलंगाना, महाराष्ट्र और केरल सहित दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। भारी बारिश के चलते कई बांधों के गेट खोले गए हैं। इससे निचले इलाकों में बारिश नहीं होने पर भी जलभराव हो रहा है। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं, उत्तर भारत से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में लोगों को तेज गर्मी से जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से तापमान में कमी आ सकती है।

    तेलंगाना में उस्मान सागर और हिमायत सागर जुड़वां जलाशयों से 10,439 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद चादरघाट के पास मूसी नदी के तट पर स्थित कई घर आंशिक रूप से बाढ़ के पानी में डूब गए, जिसमें नया पुल भी शामिल है। मूसी नदी के नजदीक स्थित मूसा नगर, रसूलपुरा, कमल नगर और विनायक वीधी के घरों में पानी घुस गया। ऐसे में लोग अपना सामान लेकर ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) द्वारा स्थापित अस्थायी आश्रयों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे।

    मूसानगर में 200 घर डूबे
    मूसी के कारण नदी के किनारे एमजीबीएस बस स्टैंड में बाढ़ का पानी घुस गया। यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, क्योंकि पानी हर जगह से बस स्टैंड में घुस गया। चादरघाट के पास मूसानगर में बाढ़ में 200 घर जलमग्न हो गए। लोग अपने घरों से बाहर सड़क पर अपना सामान पकड़े और पट्टियां पहने हुए निकल आए। वे रोते हुए कह रहे थे कि उनका सारा सामान बाढ़ में बह गया। चादरघाट के पास विनायक वीधी और रसूलपुरा इलाकों से 600 लोगों को पुनर्वास केंद्रों में स्थानांतरित किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुल किसी भी समय बंद हो सकता है। मूसारामबाग पुल से चार फुट पानी बहने के कारण यातायात रोक दिया गया था।

    बस स्टैंड में भरा पानी
    यात्री जब अपने गंतव्य के लिए रवाना होने का इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक बस स्टैंड में पानी घुस गया। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक जाम हो गया। ट्रैफिक पुलिस और जीएचएमसी के कर्मचारियों ने रात भर बचाव कार्य कर यात्रियों की परेशानी कम करने की कोशिश की। मुख्य मंत्री ने अधिकारियों से सतर्क रहने को कहा है।

    ओडिशा-केरल में अलर्ट
    मौसम विभाग ने तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और केरल में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। महाराष्ट्र और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, आंध्र प्रदेश और केरल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना की गई है, जबकि 14 जिलों में 12-20 सेमी बारिश का अनुमान लगाया गया है। यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां 7-11 सेमी बारिश की संभावना जतायी गई है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Must Read

    spot_img